जल शक्ति मंत्रालय की टीम ने लिया अर्द्धनिर्मित बारबेंदिया पुल का जायजा

धनबाद। धनबाद और जामताड़ा के बीच बराकर नदी में हुए नाव हादसे को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की टीम मंगलवार को निरसा पहुंची। टीम ने नदी में अर्द्धनिर्मित बारबेंदिया पुल का जायजा लिया। टीम के साथ स्थानीय भाजपा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता भी थीं।
निरसा विधायक ने कहा कि वह लगातार पुल निर्माण के लिए प्रयास कर रही हैं। इस मुद्दे पर विधानसभा में उठाने के साथ धरना भी देने का काम की है। केंद्र सरकार से पत्राचार करती रहीं हैं। इसके कारण मंगलवार को जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त निदेशक सह वैज्ञानिक उमा शंकर विद्यार्थी एवं संयुक्त निदेशक हरिदेव बरबिंदिया पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता जवाहर लाल गुप्ता एवं धनबाद जिला के कार्यपालक अभियंता नरेंद्र कुमार मौजूद थे।
उमा शंकर विद्यार्थी ने बताया कि टीम पुल के रॉ फाउंडेशन, डेस्क लैब एवं कंस्ट्रक्शन की जांच करेगी। यह जानेगी कि क्या जितनी गहराई तक पिलर को जाना चाहिए था, उसे ले जाया गया है या नहीं। अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। टीम ने जामताड़ा जिले की ओर से अर्धनिर्मित पुल का भी निरीक्षण किया। अपर्णा ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर सही ढंग से सक्रियता नहीं दिखाई। इसके कारण आज तक पुल नहीं बन पाया। पुल बन जाने से धनबाद एवं संथाल परगना सीधे एक दूसरे से जुड़ जाएगा। साथ ही लोगों को रोजी रोजगार भी मिलेगा।
जानकारी हो कि 24 फरवरी की संध्या बरबिंदिया घाट पर नाव पलट जाने से नाव पर सवार 14 लोगों की मौत हो गई थी। 5 लोगों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एवं तैर कर अपनी जान बचाई थी। मौके पर ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के सहायक अभियंता डेविड तिर्की, दयाल महतो, अशोक महथा, सुनील रविदास एवं अखिलेश्वर राम मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *