सशस्त्र झंडा दिवस पर ‘शौर्य संवाद’ में गूंजी वीरों की गाथाप्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर का ऐतिहासिक सैंडीस कंपाउंड रविवार को उस समय देशभक्ति और सम्मान की भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब जिला सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर भव्य ‘शौर्य संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में वीर नारी, सैनिक विधवाओं और भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान इस अंदाज में किया गया कि उपस्थित हर व्यक्ति गर्व से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित करने से हुआ। राष्ट्रीय भावनाओं से ओतप्रोत माहौल में जिलाधिकारी ने तिरंगा फहराया। इसके तुरंत बाद 47 बटालियन एनसीसी की गर्ल्स कैडेट्स ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी। जिसने पूरे परिसर में एक अद्भुत देशभक्ति का समां बाँध दिया।
कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजीता कुमारी, ईसीएचएस भागलपुर के प्रभारी कर्नल जेपीएन झा और स्पर्श प्रकोष्ठ के एएओ रमन सिन्हा ने अपने विभागों द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का विस्तृत परिचय कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके विभाग सैनिकों और उनके परिवारों के अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति पूर्णतः संवेदनशील हैं।
सम्मान की परंपरा को दिया सम्मान
कर्नल संजय कुमार ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस की परंपरा निभाते हुए जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य अधिकारियों के परिधान पर झंडा-पिन लगाया। इसके बाद कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब जिलाधिकारी ने भारतीय सेना के शहीदों की वीर पत्नियों, वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा सैनिक परिवारों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण देते हुए कुछ नए कल्याणकारी प्रयासों की शुरुआत करने का आश्वासन भी दिया। समारोह में कर्नल संजय कुमार व अन्य अधिकारियों ने भी सैनिक विधवाओं को दुशाला भेंट कर सम्मानित किया।
वीर नारियों, विधवाओं और पूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ‘शौर्य संवाद’ में 11 वीर नारियां, 53 सैनिक विधवाएं और 95 भूतपूर्व सैनिक सम्मिलित हुए। इनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को न सिर्फ यादगार बनाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि देश आज भी अपने सपूतों और उनके परिवारों का ऋणी है।
पूरे कार्यक्रम का संयोजन और मंच संचालन आनरेरी कैप्टन सुनील कुमार राय ने बड़े सुचारू और गरिमामय तरीके से किया।
सम्मानित वीर नारियां
- श्रीमती सीमा कुमारी – पत्नी शहीद गनर संजीत कुमार
- श्रीमती सरिता देवी – पत्नी शहीद नायक संजय कुमार यादव
- श्रीमती बेबी कुमारी – पत्नी शहीद सिपाही कुंदन कुमार
- श्रीमती नीलम देवी – पत्नी शहीद हवलदार अरुण कुमार यादव
- श्री मणिकांत सिंह – पिता शहीद सिपाही ओम कुमार सिंह
- श्रीमती चंदा देवी – पत्नी शहीद सिपाही शिवशंकर मंडल
- श्रीमती मंजू देवी – पत्नी शहीद सिपाही राज नंदन पोद्दार
- श्रीमती सोनी देवी – पत्नी शहीद सिपाही रणधीर कुमार
शौर्य संवाद न केवल एक कार्यक्रम साबित हुआ, बल्कि यह उन अनगिनत बलिदानों का मौन स्मारक बन गया, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भागलपुर ने एक बार फिर साबित किया कि वीरों का सम्मान ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है।



