समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण: संजय प्रसाद यादव
रांची: एचटी डिजिटल के द्वारा शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शहर के कई शिक्षण संस्थान के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और श्रम नियोजन एवं उधोग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने शिक्षकों को सम्मानित किया। मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि समाज में शिक्षकों का दायित्व महत्वपूर्ण होता है।
शिक्षक हमारे जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए हमारे शिक्षक राष्ट्र के वास्तविक निर्माता कहे जाते हैं। अज्ञान रूपी अन्धकार से ज्ञानरूपी प्रकाश की ओर ले जाने वाले हमारे गुरु ही होते हैं। जीवन में माता-पिता पहले शिक्षक होते हैं, जो जीवन पर्यन्त बने रहते हैं। उसके बाद विद्यालय के शिक्षक होते हैं, जिनसे हमें शिक्षा मिलती है। साथ ही जीवन के हर मोड़ पर हमें कुछ न कुछ सीखने को मिलता है।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा वह जो समाज को बांध कर रखे। राजनीतिक व्यवस्था में लोग कहते हैं कि डॉक्टर,आईएएस इंजीनियर बनेंगे। तो ऐसी शिक्षा दीजिए कि लोग एमएलए और एमपी भी बनने की सोचे। अच्छे व्यक्ति विधानसभा पहुंचेंगे तो इससे व्यवस्था में बदलाव होगा।

