दुलमी बाजार से कुल्ही तक साढ़े 6 किलोमीटर पथ निर्माण कार्य का विधायक ने किया शिलान्यास

रजरप्पा: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट द्वारा लगभग 2.35 करोड़ की लागत से दुलमी बाजार से कुल्ही तक साढ़े 6 किलोमीटर के पथ निर्माण कार्य का सोमवार को शिलान्यास हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुनीता चौधरी, विशिष्ट अतिथि रामगढ़ जिप अध्यक्ष सुधा देवी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो एवं प्रखंड सांसद प्रतिनिधि इंद्रदेव साव ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करते हुए नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर पथ के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। पुजारी पवन दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा करवाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुनीता चौधरी ने कहा कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना हमारी पहली प्राथमिकता है। आजसू पार्टी विकास की राजनीति करती है। गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछाया जाएगा और लोगों को बिजली, पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं पूर्व जिप अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो ने कहा कि पिछले 3 साल से रामगढ़ में विकास थम गया था। लेकिन विधायक सुनीता चौधरी के माध्यम से अब रामगढ़ में फिर से विकास कार्य को धरातल पर उतारने का काम शुरू हो गया है। जिस प्रकार से यहां के पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश चौधरी ने रामगढ़ को विकास के पैमाने पर अलग पहचान दिलाई। उसी प्रकार विधायक सुनीता चौधरी भी लोगों के हर सुख-दुख में साथ रहते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में लगी हुई हैं। बताया गया कि पथ निर्माण का कार्य क्लासिक इंजीकॉन कंपनी द्वारा किया जाएगा। इससे पूर्व पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में मुखिया परमेश्वर राम पटेल, रविंद्र कुमार, पूर्व उपप्रमुख रिझु महतो, आजसू पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार, वरीय नेता ब्रजनंदन महतो, सीडी महतो, राहुल महतो, महिला नेत्री वीणा देवी, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रवि राज, कनीय अभियंता अक्षय विक्रम, क्लासिक इंजीकॉन कंपनी के प्रोजेक्ट इंचार्ज पिंटू सिंह, अकाउंटेंट दशरथ शर्मा, चंदन सिंह सहित काफी संख्या में महिला और पुरूष उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *