राज्यपाल मोरहाबादी में करेंगे ध्वजारोहण, परंपरा बदलेगी,‘At Home’ कार्यक्रम गुरुजी के सम्मान में रद्द
रांची: इस बार झारखंड में स्वतंत्रता दिवस का नज़ारा कुछ अलग होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 15 अगस्त को राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराएंगे। झारखंड सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने स्वयं मुख्य राजकीय समारोह की अगुवाई करने का निर्णय लिया है।
अब तक की परंपरा के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल उप-राजधानी दुमका में और मुख्यमंत्री मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण करते थे। लेकिन इस बार राजधानी में राज्यपाल की मौजूदगी स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और विशेष बना देगी।
भव्य तैयारी और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
राजकीय समारोह के लिए मोरहाबादी मैदान को देशभक्ति के रंग में सजाने की तैयारी तेज़ हो गई है। बड़े मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, झांकियों और मार्चपास्ट की भव्य योजना बनाई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे मैदान और आसपास के क्षेत्र में बहुस्तरीय व्यवस्था की जाएगी। डीजीपी स्तर से निगरानी होगी और पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात रहेंगे।
‘At Home’ कार्यक्रम रद्द
राज्यपाल गंगवार ने पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सम्मान में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित होने वाला ‘At Home’ कार्यक्रम इस बार आयोजित नहीं किया जाएगा। यह फैसला गुरुजी के निधन के बाद उनके योगदान को स्मरण करते हुए लिया गया है।
राजधानी के लोगों में राज्यपाल के मोरहाबादी में ध्वजारोहण को लेकर खासा उत्साह है। अनुमान है कि इस बार समारोह में पहले से अधिक भीड़ जुटेगी और शहर में देशभक्ति का माहौल और प्रबल होगा।



