राज्य चुनाव आयुक्त अलका तिवारी से फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

गणादेश ,रांची : फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य चुनाव आयोग की आयुक्त अलका तिवारी से शिष्टाचार मुलाकात की। चैंबर ने राज्य चुनाव आयुक्त का पद्भार ग्रहण करने पर उन्हें बधाई दी और माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में मतगणना कार्यों के लिए पंडरा बाजार की जगह किसी अन्य वैकल्पिक स्थल का चयन करने का आग्रह किया। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि कृषि मंडी की दुकान/गोदामों का अधिग्रहण करने से मंडी में लगभग चार माह तक व्यापार बाधित हो जाता है। यह कहा कि ऐसी समस्या राज्य के अन्य जिलों में भी होती है जहां चुनावी मतगणना कार्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा कृषि मंडी की दुकान-गोदाम का अधिग्रहण किया जाता है।

चैम्बर अध्यक्ष ने इस बात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखण्ड चैंबर की याचिका पर माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करने के लिए चैंबर द्वारा लगातार राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इसकी मांग की जाती रही है किंतु सकारात्मक आश्वासन के बावजूद अभी तक इस दिशा में पहल नहीं की जा सकी है जिससे निकट भविष्य में होनेवाले निगम चुनाव में जिला प्रशासन द्वारा पुनः पंडरा कृषि बाजार की दुकान-गोदाम का अधिग्रहण करने की आशंका से व्यापारी चिंतित हैं। वार्ता के क्रम में राज्य में लंबे समय से रूके हुए नगर निगम के चुनावों की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारिक लेन-देन हेतु नकद राशि लेकर आवागमन की सीमा की समीक्षा करने तथा वैध ट्रांसेक्शन प्रमाण प्रस्तुत करने पर व्यापारियों को छूट देने की मांग भी रखी।

राज्य चुनाव आयोग की आयुक्त श्रीमती अलका तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *