भक्ति की गूंज से गूंजा कहलगांव: संतमत सत्संग का 77वां वार्षिक अधिवेशन भव्य समापन के साथ संपन्न

भागलपुर। जिले के कहलगांव स्थित शारदा पाठशाला में आयोजित भागलपुर जिला संतमत सत्संग का 77वां वार्षिक अधिवेशन सोमवार को भक्ति, भजन और आध्यात्मिक संदेशों के बीच भव्यता के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

इस अवसर पर परमाराध्य अनन्त श्रीविभूषित संत सद्गुरु महर्षि मेही परमहंस जी महाराज के हृदयस्वप्न तपोनिष्ठ शिष्य ब्रह्मलीन महर्षि संत शाही स्वामी जी महाराज के परमस्नेही तथा संतमत के प्रधान आचार्य परमपूज्य महर्षि चतुरानन्द जी महाराज ने माता शबरी की भक्ति पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संतों के सान्निध्य और उनकी शरण में आने से जीवन का कल्याण होता है तथा मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

उनके आध्यात्मिक उपदेशों से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। अधिवेशन के दौरान प्रेमानंद बाबा, अनुभानंद बाबा, प्रेस आनंद बाबा, स्वामी रामानंद शास्त्री, नित्यानंद, अनुपम बाबा और वेदानंद बाबा सहित दर्जनों संत-महात्माओं ने भजन-कीर्तन, स्तुति, प्रार्थना, सद्ग्रंथ पाठ और प्रवचन की प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान समय-समय पर श्रद्धालुओं द्वारा ‘श्री सद्गुरु महाराज की जय’ के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा।

अधिवेशन में कहलगांव विधायक इंजीनियर शुभानंद मुकेश, डॉ. राजेन्द्र महतो, पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व विधायक पवन यादव, डॉ. प्रवीण कुमार राणा, प्रोफेसर राघवेंद्र नारायण आर्य, अरुण कुमार यादव, दयानंद साह, डॉ. रामजी पासवान, पवन भारती, संजय कुमार सिंह, अंजन कुमार, सुरेश पासवान, सत्यनारायण यादव, डॉ. विजय, जितेन्द्र मंडल, अर्जुन मंडल, प्रकाश महलदार सहित प्रांतीय और जिला स्तर के संतमत सत्संग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में भाग लेकर भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *