पड़ाव संघ की 113वीं कांवड़ यात्रा 16 जुलाई को कहलगांव से होगी प्रारंभ

भागलपुर। पड़ाव संघ, कहलगांव द्वारा आयोजित ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ इस वर्ष 16 जुलाई (बुधवार) को उत्तरवाहिनी गंगा तट, कहलगांव से किया जाएगा। इससे पूर्व, 14 जुलाई को रुद्राभिषेक, श्रृंगार पूजा एवं गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जबकि 25 जुलाई को संघ के प्रधान कार्यालय का उद्घाटन होगा। ये सभी निर्णय रविवार को अध्यक्ष अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संघ की बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए।

कार्यक्रम का विस्तृत विवरण :
संघ की बैठक में यह तय किया गया कि 14 जुलाई को रुद्राभिषेक, श्रृंगार पूजा एवं गंगा महाआरती का आयोजन कहलगांव राजघाट स्थित जागेश्वरनाथ महादेव मंदिर में होगा। वहीं, पड़ाव संघ के प्रधान कार्यालय का उद्घाटन 25 जुलाई को किया जाएगा।कांवड़ यात्रा की शुरुआत 16 जुलाई, बुधवार को धूमधाम से होगी। इसमें बड़ी संख्या में शिव भक्त भाग लेंगे, जो कहलगांव के विभिन्न गंगा तटों से अपने कांवड़ में गंगाजल भरेंगे और एकजुट होकर पड़ाव संघ के साथ यात्रा प्रारंभ करेंगे।

भव्य शोभायात्रा और धार्मिक उत्साह :
कांवड़ यात्रा कहलगांव किला स्थित दुर्गा स्थान से प्रारंभ होगी। इसमें कीर्तन मंडलियां, भव्य झांकियां, नृत्य-गान करते शिव भक्त शामिल होंगे, जो “बोल बम” के जयकारों के साथ यात्रा में उत्साह का संचार करेंगे। यात्रा का प्रथम पड़ाव घोघा होगा। इसके बाद यात्रा सन्हौला, धोरैया, पंजवारा, बौंसी, हसरिया, नोनीहाट होते हुए बाबा बासुकीनाथ धाम (दुमका) के लिए रवाना होगी।
बैठक में बड़ी संख्या में शिव भक्त उपस्थित :
संघ की बैठक में बड़ी संख्या में शिव भक्त शामिल हुए। प्रमुख रूप से उपस्थित सदस्यों में पूर्व अध्यक्ष जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता, रतन आर्य, उपसचिव सचिन गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष दीपक शर्मा (लट्टू शर्मा), संरक्षक दिलीप भगत, गोरे यादव, श्याम कुमार मंडल, सुरेश चौधरी, मुकेश चौधरी, सुनील चौधरी, अंकित शर्मा, रॉबिन्स राज, संजीत गुप्ता, पवन कुमार जायसवाल, दिवाकर चौधरी, राजा कुमार, ऋषभ चौधरी, मदन आर्य, दिलीप जायसवाल, नीरज मंडल और विकास यादव शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *