अंग की धरती पर सितारों की चमक, सियासत में गर्मी: नेहा शर्मा, मनोज तिवारी, निरहुआ के रोड शो
भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार की शाम पांच बजे के साथ थमने जा रहा है, लेकिन आखिरी दिन अंग प्रदेश की मिट्टी पर सियासी माहौल अपने चरम पर रहा। प्रचार के इस अंतिम दौर में ग्लैमर और राजनीति का तड़का देखने को मिला, जहां सिनेमा के सितारे सियासत की धरती पर चमकते नजर आए।
वहीं, अपनी बेबाकी के लिए मशहूर सांसद निशिकांत दुबे और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का भी आज जलवा देखने को मिला। सम्राट चौधरी ने गोराडीह में महागठबंधन और लालू-तेजस्वी के खिलाफ जमकर निशाना साधा। सांसद चिराग पासवान मंच से और निशिकांत दुबे व निरहुआ रोड शो के जरिए युवा वोटरों को रिझाने में दिनभर जुटे रहे।इधर, जनता करती रही इंतजार—कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के मुक्तापुर में खेसारीलाल यादव नहीं पहुंच पाए। वहीं, हेलीकॉप्टर में खराबी आने के कारण वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी और आईपी गुप्ता भी पीरपैंती में आरजेडी की चुनावी सभा में शामिल नहीं हो सके। ममलखा में चिराग पासवान और मनोज तिवारी ने एक साथ मंच साझा किया।कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा के समर्थन में उनकी बेटी और फिल्म अभिनेत्री नेहा शर्मा ने भागलपुर की सड़कों पर रोड शो कर राजनीतिक माहौल को रंगीन बना दिया। शहर की मुख्य सड़कों पर उनकी अदा ने युवाओं को खूब आकर्षित किया। चुलबुली मुस्कान और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन करती नेहा को देखने के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।वहीं, भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे के समर्थन में भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी तथा निरहुआ ने रोड शो किया। ‘हर हर मोदी, घर घर मोदी’ के नारों से गूंजती गलियों में जब काफिला गुजरा, तो लोग घरों की छतों और बालकनियों से उन्हें देखने उमड़ पड़े। भोजपुरी अंदाज में तिवारी ने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की।भोजपुरी फिल्मों के मशहूर अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने भी अपने रोड शो से सियासी फिजा को और गरमा दिया। निरहुआ ने न केवल भाजपा बल्कि एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश (कहलगांव), भागलपुर के भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे और भाजपा के मुरारी पासवान (पीरपैंती) के पक्ष में भी प्रचार किया। उनका काफिला दर्जनों गांवों और मुख्य सड़कों से गुजरा, जहां हर जगह उत्साही भीड़ ने उनका स्वागत किया।एनडीए प्रत्याशियों के लिए गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और भोजपुरी स्टार निरहुआ ने गोल रोड, घोघा, पक्कीसराय, अमापुर, पकड़तल्ला, त्रिमुहान, बस स्टैंड, स्टेशन चौक, गंगुली पार्क चौक होते हुए अनादीपुर तक रोड शो किया। इस रोड शो में पूर्व सांसद व भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और सांसद निशिकांत दुबे शामिल थे। 50 बाइकों और 10 चारपहिया वाहनों पर सवार समर्थकों का काफिला चल रहा था। करीब आधा किलोमीटर एनएच-80 पर लोग उनका इंतजार करते देखे गए।
इधर, सियासत के दिग्गज भी पीछे नहीं रहे। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह में सभा कर जेडीयू प्रत्याशी शुभानंद मुकेश के लिए वोट मांगे। चिराग पासवान नाथनगर विधानसभा के अपने प्रत्याशी मिथुन यादव के लिए ममलखा की जन सभा में वोट मांगे।
गंगा पार के इलाके गोपालपुर और बिहपुर में आज बड़े नेताओं की मौजूदगी ने चुनावी माहौल में नई जान फूंक दी। रोड शो, जनसभाओं और नारों के बीच रविवार का यह दिन अंग प्रदेश की राजनीति के लिए यादगार बन गया। अब सबकी नजरें 11 नवंबर को होने वाले मतदान पर टिकी हैं, जब जनता तय करेगी कि इस सितारों से सजी सियासी जंग में किसका सितारा सबसे बुलंद होगा।
इधर, जनता करती रही इंतजार-खेसारीलाल यादव नहीं पहुंचे। आरजेडी प्रत्याशी रजनीश यादव ने इसे भाजपा और जदयू की साजिश बताया। बोले, ‘हमारे हेलीपैड पर भाजपा वालों ने अपना हेलीकॉप्टर उतार दिया, इसलिए खेसारी जी नहीं आ पाए।’
वहीं, हेलीकॉप्टर में खराबी आने के कारण वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी और आईपी गुप्ता भी पीरपैंती में आरजेडी की चुनावी सभा में नहीं पहुंच सके।



