SIR को लेकर भाजपा का सरकार पर हमला, तुष्टिकरण का लगाया आरोप
रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा ने झारखंड सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार SIR प्रक्रिया को प्रभावित करने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में मतदाता सूची में सामने आ रही विसंगतियां केवल वोटर लिस्ट का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर विषय है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि साहिबगंज, राजमहल और पाकुड़ सहित संथाल परगना के कई इलाकों में मतदाताओं की उम्र, पते और पारिवारिक संबंधों को लेकर गंभीर गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने इन संवेदनशील क्षेत्रों में मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने की मांग की।
उन्होंने पाकुड़ के बरहरवा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि आहुत गांव में कथित फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के प्रयास के मामले में चार अपात्र व्यक्तियों और एक कॉमन सर्विस सेंटर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। साहू ने कहा कि यह तो एक मामला है, ऐसे कितने मामले अभी सामने आने बाकी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साहिबगंज के राजमहल और बोरियो विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में कथित असामान्य वृद्धि और उम्र संबंधी विसंगतियों का भी दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है।
साहू ने बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा कथित गड़बड़ियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। जरूरत पड़ने पर पार्टी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने भी मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की मांग की। उन्होंने ऑफलाइन प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रज्ञा केंद्रों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश सिंह मौजूद थे।


