जेल में अनशन पर बैठे RJD विधायक रीतलाल यादव की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। रंगदारी मांगने के आरोप में विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर में बंद दानापुर के राजद विधायक रीतलाल यादव की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान जेल से अस्पताल लाने के क्रम में विधायक की पुलिसकर्मियों से कई बार कहासुनी भी हुई।
सूत्रों के अनुसार, विधायक रीतलाल यादव जेल में पिछले कुछ दिनों से अनशन पर बैठे थे। उनका आरोप है कि जेल प्रशासन द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कारा प्रशासन के अमानवीय व्यवहार से क्षुब्ध होकर ही उन्होंने अनशन का निर्णय लिया था। वहीं जेल प्रशासन का कहना है कि विधायक को उनकी श्रेणी के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं और उनके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ है। बल्कि, विधायक ही बार-बार कारा कर्मियों से उलझते रहे हैं।
गौरतलब है कि 17 अप्रैल को रंगदारी मामले में जब पुलिस ने छापेमारी शुरू की थी, तब विधायक ने पटना व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आदर्श केंद्रीय कारा, बेऊर में रखा था।
हालांकि, बेऊर जेल में रीतलाल यादव की मौजूदगी से विधि-व्यवस्था, लोक व्यवस्था और शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका जताई गई। फलस्वरूप पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जेल महानिरीक्षक ने प्रशासनिक आधार पर उन्हें छह माह के लिए भागलपुर की विशेष केंद्रीय कारा में स्थानांतरित कर दिया।
फिलहाल चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें किसी भी समय वापस जेल भेजा जा सकता है। जेल प्रशासन का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



