उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी व पारदर्शिता लाने के निर्देश

गणादेश,खूंटी: उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने, योजनाओं में तेजी लाने तथा प्राप्त आवंटन का पूर्ण और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुँच सके।

राजस्व संग्रहण की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने खनन, उत्पाद, परिवहन, नगर परिषद समेत संबंधित विभागों को निर्धारित राजस्व लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह राजस्व संग्रहण एवं अन्य मामलों की स्थिति की निगरानी करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र निर्गत करने में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके भी निर्देश दिए गए।

बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय निर्माण, सरना-मसना एवं धुमकुड़िया भवन, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, पशुधन, कृषि, जल जीवन मिशन, परिवहन, समाज कल्याण, राजस्व, भू-अर्जन, खनन और शिक्षा विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के संचालन में लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने लाभुकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुँचाने, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने और पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक (आईटीडीए), अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *