रनियां में खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन
खूंटी: जिले के रनियां प्रखंड अंतर्गत जयपुर पंचायत स्थित गढ़सिदम गांव में खाद्य, पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषयक क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पलाश (JSLPS) के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें बिहार, हरियाणा एवं पंजाब से आए जेएसएलपीएस के राज्य कार्यक्रम प्रबंधकों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान आजीविका महिला ग्राम संगठन, गढ़सिदम की दीदियों द्वारा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों एवं उनके सफल संचालन की जानकारी साझा की गई। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की शपथ दिलाकर सहभागी भावना का संचार किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना, विभिन्न स्वास्थ्य योजना, बीमा योजना, शौचालय निर्माण, कुपोषण उपचार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखरेख, पोषण वाटिका जैसे विषयों पर विस्तार से अवगत कराया गया। बताया गया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में संगठन की दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और कार्यों का मूल्यांकन किस प्रकार किया जाता है।
कार्यशाला के उपरांत प्रतिभागी अधिकारियों ने सेतु दीदियों से भेंट कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इसके पश्चात बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत खूदबीर गांव में विकसित आम बागवानी का भी अवलोकन किया गया।
अंत में, रनियां प्रखंड मुख्यालय में संचालित गरिमा सह न्याय सलाह केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहाँ केंद्र की दीदी ने उपस्थित अधिकारियों को विधिक एवं परामर्श सेवाओं से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी।



