भागलपुर में वर्दी पर उठे सवाल: वायरल वीडियो ने खोली पुलिस की कथित वसूली की ‘ब्लैक डायरी’
भागलपुर। जिले में एक वीडियो ने पुलिस महकमे की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी कथित तौर पर अपने गश्ती वाहन में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे किसी अभियान के दौरान वसूले गए पैसों के बंटवारे पर आपस में बातचीत करते हुए सुनाई दे रहे हैं। कोस रहे हैं कि उस कमाई में मुझे हिस्सा नहीं मिला। पूरे घटनाक्रम को उस वाहन पर सवार किसी पुलिस जवान ने चुपके से अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया एक्स पर वायरल करवा दिया। जिसके बाद यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। इस वायरल वीडियो की गणादेश पुष्टि नहीं करती है।
वीडियो के प्रसार के साथ ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि यह फुटेज नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र का है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे दोनों पुलिसकर्मी इसी थाना क्षेत्र में तैनात हैं और गश्ती के नाम पर अवैध वसूली की बात स्वीकार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, नवगछिया पुलिस प्रशासन ने अब तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे सत्यापित करने की प्रक्रिया में जुटा है।
स्थानीय लोगों में इस वीडियो को लेकर खासा रोष है। कई लोग इसे ‘खाकी पर दाग’ बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गांव-देहात से लेकर शहर तक, लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।कुछ इसे पुलिस की पुरानी बीमारी बताते हैं, तो कुछ लोग वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस विभाग में बढ़ी बेचैनी
वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय गलियारों में हलचल मच गई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने वीडियो की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि इसकी वास्तविकता सुनिश्चित की जा सके। यदि वीडियो सही पाया जाता है, तो संबंधित कर्मियों पर निलंबन से लेकर विभागीय कार्रवाई तक की नौबत आ सकती है।
अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
नवगछिया पुलिस की ओर से केवल इतना कहा गया है कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है, और जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कई बार पुराने या एडिट किए गए वीडियो भी फैल जाते हैं, इसलिए निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वीडियो की गहन जांच जरूरी है। फिलहाल, पूरा मामला जांच के घेरे में है, लेकिन यह वीडियो गांव से लेकर जिले तक चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। लोग यह पूछ रहे हैं – अगर वीडियो सही है, तो क्या वर्दी में छिपे ऐसे चेहरों पर सख्ती होगी।



