बिरसा वाहिनी फाउंडेशन की संस्थापक प्रिया मुंडा को भोपाल में राष्ट्रीय पुरस्कार से किया गया सम्मानित
खूंटी: खूंटी जिले की प्रखर समाजसेवी और बिरसा वाहिनी फाउंडेशन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रिया मुंडा को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मैत्रेयी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय योगिनी संघ द्वारा 14 और 15 मार्च को आयोजित इंटरनेशनल योगिनी अवार्ड एवं कॉन्फ्रेंस में प्रदान किया गया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भारत के साथ-साथ मस्कट, मलेशिया, सिंगापुर और कोरिया सहित कई देशों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य समाज, संस्कृति और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना और उनके अनुभवों को साझा करना था।
प्रिया मुंडा को यह राष्ट्रीय मैत्रेयी पुरस्कार विभिन्न राज्यों में किए जा रहे उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यों के लिए दिया गया। वे लंबे समय से जनजातीय समाज के उत्थान, महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह से पहले आयोजित पैनल चर्चा में प्रिया मुंडा ने देश भर की जनजातियों के सामने आ रही चुनौतियों और उन पर हो रहे विभिन्न प्रकार के हमलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जनजातीय समुदाय की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक संवाद और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मेलन में उनकी बातों को प्रतिभागियों ने गंभीरता से सुना और जनजातीय समाज से जुड़े मुद्दों पर वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की। प्रिया मुंडा को मिले इस सम्मान से खूंटी जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड में खुशी की लहर है।



