डीएसपीएमयू के स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग ने राष्ट्रीय स्तर के पहलवान को किया सम्मानित

रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची के स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग द्वारा सेमेस्टर-III के छात्र अभिषेक कुमार को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अभिषेक कुमार (रोल नंबर 159, पंजीकरण संख्या 24B32124) ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता 2025–26 में कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 5 से 10 जनवरी 2026 तक चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के शीर्ष पहलवानों ने हिस्सा लिया था। अभिषेक कुमार की इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भरत ने अभिषेक कुमार को बधाई देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक सशक्तता प्रदान करते हैं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में श्रेष्ठता प्राप्त करने के लिए केवल शैक्षणिक अध्ययन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेलों के माध्यम से भी व्यक्ति उच्च उपलब्धियों तक पहुँच सकता है।
डॉ. भरत ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है और वही मस्तिष्क समाज के लिए सकारात्मक एवं सृजनात्मक योगदान देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्नातकोत्तर अंग्रेज़ी विभाग खिलाड़ी विद्यार्थियों को हर संभव शैक्षणिक सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराता रहेगा, ताकि वे शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. पियूषबाला, सुमित मिंज, दिव्या प्रिया, कर्मा कुमार, मोहम्मद दिलशाद, साथी खिलाड़ी मोहित तथा विभागीय कर्मचारी संदीप टोप्पो सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने अभिषेक कुमार की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *