हज़ारीबाग के बड़कागांव में 35 वर्षीय तुलसी महतो की गला रेतकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

रांची: हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के सिकरी ओपी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिकरी गांव निवासी तुलसी महतो, उम्र 35 वर्ष, पिता रामेश्वर महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तुलसी महतो सोमवार की शाम लगभग 6:30 बजे अपनी पत्नी के लिए अंडा लेकर घर पहुंचे थे। पत्नी कंपनी में नौकरी करती है। घर पहुंचकर उन्होंने अंडा पत्नी को देते हुए कहा कि “अंडा बना लो, हम आते हैं एक पार्टी से।” इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए।
रात 11 बजे तक तुलसी महतो का न तो मोबाइल फोन लग रहा था और न ही कोई संपर्क हो पा रहा था। चिंतित परिजन पूरी रात इधर-उधर खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे इलाके से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने जंगल में एक शव देखा और तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान तुलसी महतो के रूप में की। शव की हालत देखकर प्रतीत होता है कि उनकी गला रेतकर हत्या की गई है।
सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हत्या की इस वारदात से पूरे सिकरी इलाके में भय और रोष का माहौल है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि इतने सीधे-साधे युवक की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और क्यों की?
बताया जा रहा है कि तुलसी महतो के दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। हत्या के पीछे क्या वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
यह पूरी घटना क्षेत्र में दहशत का कारण बनी हुई है और लोग प्रशासन से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *