पीएम मोदी ने अंतरिक्ष में गए भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष में गए भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की. इस दौरान पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि आपको पृथ्वी मां की परिक्रमा लगाने का सौभाग्य मिला है.आज आप भले ही भारतभूमि से दूर हैं, लेकिन भारतवासियों के दिल के सबसे करीब हैं. आपके नाम में भी शुभ है और आपकी अंतरिक्ष की यात्रा भी शुभ रही. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय भले ही सिर्फ हम दोनों बात कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी जुड़ी हुई हैं, मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है. अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको बधाई देता हूं.
पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि आप जो गाजर हलवा, मूंग दाल हलवा, आम रस लेकर गए हैं, वो अपने साथियों को खिलाया या नहीं? इस पर शुभांशु ने कहा कि बिल्कुल हम सभी ने इसका स्वाद लिया. शुभांशु शुक्ला ने बताया कि अंतरिक्ष से देखने पर भारत बहुत भव्य नजर आता है, जितना वह नक्शे में दिखता है, उससे भी ज्यादा भव्य दिखता है. पीएम मोदी ने कहा कि मेरी आदत है कि जब किसी से मिलता हूं, होमवर्क भी देता हूं. शुभांशु से पीएम मोदी ने कहा कि आपका होमवर्क ये है कि आपको जो अनुभव मिल रहा है, उससे हमें गगनयान को आगे बढ़ाना है, हमें अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाना है, चंद्रमा पर भारतीय एस्ट्रॉनॉट की लैंडिंग भी करानी है.



