पासवा ने चतरा में जिला स्तरीय छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का किया आयोजन,1500 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

चतरा। प्राईवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से आज चतरा में जिला स्तरीय छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड में उत्पन्न सियासी हलचल के बीच आयोजित इस सम्मान समारोह में चतरा जिले के 1500 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वित्तमंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव और श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन राजनीतिक घटनाक्रम की वजह से वे इस समारोह में खुद नहीं पहुंच सके। परंतु सभी सफल छात्र-छात्राओं को भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे समेत अन्य अतिथियों ने जैक, आईसीएसई और सीबीएसई बोर्ड में 80 प्रतिशत और उससे अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि 10वीं और 12वीं बोर्ड के विद्यार्थी आज अपने जीवन में सफलता के लिए पहली बार सम्मानित हो रहे हैं, लेकिन उन्हें यह ध्यान में रखना चाहिए कि कभी भी वे लालन-पालन करने वाले अपने माता-पिता और शिक्षा देने वाले गुरुजनों को ना भूलें। आलोक दुबे ने कहा वह माता-पिता अपने आपको धन्य और गौरवान्वित महसूस करते हैं जब वह अपने बच्चों से पहचाने जाते हैं, जीवन की यह पहली सीढ़ी है जब आप सार्वजनिक मंच से सम्मानित हो रहे हैं और सफलता की यह सीढ़ी निरंतर आगे बढ़ती रहनी चाहिए, चतरा के इस ऐतिहासिक सम्मान समारोह से निकली हुई प्रतिभा देश और दुनिया में अपना नाम रोशन करेगी।
उन्होंने कहा कि पासवा की ओर से वर्ष 2011 से ही देशभर के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का काम किया जा रहा है। आलोक कुमार दूबे ने चतरा जिला में अबतक के सबसे बड़े और अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह की सफलता के लिए चतरा पासवा की टीम प्रदेश महासचिव नीरज सहाय,चतरा जिला अध्यक्ष प्रवीण प्रकाश सिंह, मुमताज आलम, नेसार अंसारी,आदित्य गुप्ता, छोटू साहू,संगीता सिन्हा,बच्चन पाण्डेय,जसिम आलम,अजय कुमार, मुकेश कुमार सहित संगठन के पदाधिकारियों, निजी विद्यालय के संचालकों एवं कोर कमिटी के पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया है। उन्हाेंने जिले के 1500 से अधिक प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किए जाने के क्षण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि निश्चित तौर पर इस मंच से सम्मानित किए गए बच्चे आगे जाकर देश के मानचित्र पर अपना नाम रोशन करेंगे।

पासवा प्रदेश उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा चतरा के बच्चे झारखण्ड में किसी से कम नहीं हैं,कामयाबी का यह सिलसिला यहां से शुरु होता है जिसे पासवा आगे लेकर चलेगी।
प्रदेश महासचिव डा.राजेश गुप्ता छोटू ने कहा जो अपने पढ़ाई के प्रति सीरियस रहेगा वह आगे बढ़ेगा और जो अपने बड़ों को आदर करेगा उसको आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता है।
इसके पूर्व पासवा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने संगठन के कार्यकलापों की जानकारी देते हुए बताया कि निजी विद्यालयों के फरिस्ता के रुप में कोरोना काल के दौरान पासवा अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने हमें सहारा दिया है।
मौके पर पासवा के प्रदेश महासचिव नीरज सहाय व जिला अध्यक्ष प्रवीण प्रकाश सिंह के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस मौके पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी ने कहा कि चतरा में पहली बार पासवा जैसे राष्ट्रीय स्तर की अग्रणी संस्था के मंच से बड़ी संख्या में मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उन्हें गौरवान्वित होने का मौका दिया गया जिससे वह अपने जीवन के प्रगति पथ पर आगे बढ़ सकेंगे।
समारोह में 2 दिन से चतरा में रहकर रांची से आये प्रदेश पदाधिकारी अरविंद कुमार, आलोक बिपीन टोप्पो, मुजाहिद इस्लाम,रणधीर कौशिक,कैलाश कुमार, मेहुल कृष्णा, अल्ताफ अंसारी,अमीन अंसारी, साजिद अंसारी हजारीबाग से प्रदेश पदाधिकारी विपिन कुमार, ज्ञानेश्वर दयाल ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *