TRENDING NOW

एमएसएमई पटना में पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय जागरूकता का आयोजन!

पटना। केन्द्र सरकार के सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के अंतर्गत एमएसएमई विकास कार्यालय पटना द्वारा पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विश्वकर्मा कारीगरों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता व उद्यम विकास से संबंधित पहलुओं से अवगत कराना है।

समारोह का उद्घाटन एमएसएमई विकास कार्यालय पटना के निदेशक आर. के. चौधरी द्वारा किया गया।  उन्होंने संबोधन में पीएम विश्वकर्मा योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना पारंपरिक कारीगरों को कौशल उन्नयन, वित्तीय सशक्तिकरण व बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में श्री आर. सी. मंडल, संयुक्त निदेशक, एमएसडीई, बिहार  कनिष्क कुमार धीबार, उप महाप्रबंधक, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक  विवेक कुमार, परियोजना प्रबंधक, सुनील कुमार, प्रबंधक, एलडीएमओ, पटना की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एमएसएमई विकास कार्यालय, पटना के सहायक निदेशक जी. एल. मीणा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।वहीं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों व अपेक्षित परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं सहायक निदेशक (ग्रेड–I) संतोष कुमार साहू ने पटना जिले में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत अब तक सफलतापूर्वक पंजीकृत विश्वकर्मा कारीगरों, उनके कौशल प्रशिक्षण व प्रशिक्षण उपरांत प्रदान की गई वित्तीय सहायता से संबंधित विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान आर. सी. मंडल द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रशिक्षण के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया व उनके समाधान हेतु सुझाव दिए गए।

इसके अतिरिक्त, विश्वकर्मा लाभार्थियों को उद्यम के रूप में आगे बढ़ाने हेतु विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया। सीए अमित कुमार, चीफ एडवाइजर, फिनलिजेन द्वारा बिजनेस  व अकाउंटिंग पर अनुपम प्रदर्शी, निदेशक, एनएनआई प्रा. लि. द्वारा मार्केटिंग एवं सेल्स पर; तथा श्री कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर, एनआईएफटी द्वारा ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं लेबलिंग विषय पर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में एमएसएमई कार्यालय, पटना के हर्ष राज व तुषार पांडे, यंग प्रोफेशनल्स द्वारा समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

इस जागरूकता कार्यक्रम में 105 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के साथ आयोजित ओपन हाउस डिस्कशन के माध्यम से किया गया, जिसमें लाभार्थियों ने अपने अनुभव, सुझाव एवं जिज्ञासाएं साझा कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *