बुढ़मू में ग्रामीण चिकित्सक की गला रेतकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार, इलाके में दहशत का माहौल

गणादेश,रांची : राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव में लंबे समय से लोगों का इलाज कर रहे एक ग्रामीण चिकित्सक (बंगाली डॉक्टर) की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना को दो अज्ञात लोगों ने अंजाम दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि मृतक बंगाली डॉक्टर गांव में कई वर्षों से चिकित्सकीय सेवा दे रहा था और उसकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। वह रोज की तरह अपने क्लिनिक से लौट रहा था, तभी रास्ते में हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने जब शोर सुना तो मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टर की मौत हो चुकी थी।सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रिम्स रांची भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद और रंजिश को हत्या की प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।बुढ़मू थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बयान के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना से मतवे गांव सहित आसपास के इलाकों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटना की निंदा करते हुए इसे कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बताया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *