कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में कार्यक्रम का आयोजन

खूंटी: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर खूंटी जिले में पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले की सभी पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों ने, प्रखंड स्तर पर प्रखंड अध्यक्षों ने तथा जिला स्तर पर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रवि मिश्रा की अध्यक्षता में सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में कांग्रेस का झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का झंडा लगाया।
झंडोत्तोलन के बाद जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का स्थापना दिवस आज पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी से लेकर अब तक कांग्रेस ने हमेशा देशहित में काम किया है। कांग्रेस गरीब, मजदूर और किसानों की पार्टी रही है और उनके सम्मान व उन्नति के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बलिदानों को देश कभी नहीं भूल सकता, क्योंकि अनेक कांग्रेसी शहीदों के त्याग के कारण ही देश को 1947 में स्वतंत्रता मिली।
मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि कांग्रेस अपने 140वें स्थापना दिवस को पूरे देश में मना रही है। इसी कड़ी में खूंटी जिले में भी सभी प्रखंड, मंडल, पंचायत और नगर पंचायत के पदाधिकारी एकजुट हुए हैं। झंडोत्तोलन के बाद आयोजित गोष्ठी में कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *