अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची-इरगांव ट्रेन को महिला कर्मियों ने संभाली कमान, सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने दिखाई हरी झंडी
रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर को खास बनाने के लिए रांची-इरगांव ट्रेन का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों के हाथों में सौंपा गया। सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस विशेष ट्रेन को रवाना किया।
इस ट्रेन की सबसे खास बात यह रही कि इसके संचालन से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां महिलाओं ने संभालीं। लोको पायलट, गार्ड, टीटीई, ट्रेन मैनेजर और आरपीएफ सुरक्षा कर्मियों सहित कुल 15 महिला कर्मचारियों की टीम ने मिलकर ट्रेन का संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने सभी महिला कर्मचारियों को गुलाब का फूल भेंट कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना की।
मीडिया से बातचीत करते हुए सूची सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के लिए यह दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में रांची रेलवे स्टेशन से महिला विशेष ट्रेन का संचालन किया गया, जिसमें लोको पायलट से लेकर आरपीएफ तक सभी पदों पर महिलाएं तैनात हैं। उन्होंने कहा कि रांची रेल मंडल हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्टेशन मास्टर चंद कुमारी कच्छप ने कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को हर दिन आगे बढ़ाने के लिए प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं जागरूक होंगी, तभी समाज भी जागरूक और सशक्त बनेगा। जो महिलाएं अभी भी घर-परिवार तक सीमित हैं, उन्हें भी आगे बढ़ने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलना चाहिए।
आरपीएफ में ड्यूटी पर तैनात रीता कुमारी ने कहा कि आज का दिन महिलाओं के लिए गर्व का दिन है। महिलाएं आज शिक्षा, प्रशासन, सुरक्षा और तकनीक सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। फिर भी समाज में कई महिलाएं ऐसी हैं जो अवसरों से वंचित हैं, उन्हें भी आगे आने का मौका मिलना चाहिए।
वहीं रांची रेलवे स्टेशन के ऑपरेशन मैनेजर शशि किंडो ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से समाज और देश दोनों का विकास तेजी से संभव है।



