राजधानी पटना में सुरक्षा को लेकर कोई भी कोताही बर्दास्त नहीं होगी:डीएम

पटना।राजधानी पटना में सुरक्षा के मद्देनज़र किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर विधानमंडल सत्र प्रारम्भ होने के एक घन्टा पहले ही पहुँच कर पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे!

उक्त बातें पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस एम ने कहीं।वे शुक्रवार को बिहार विधान परिसर में आहुत दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों  व पुलिस बलों की एक संयुक्त ब्रीफिंग सत्र को संबोधित कर रहे थे।

गौरतलब हो कि हो कि बिहार विधानमंडल का आगामी पंचदश सत्र  21 जुलाई  से प्रारंभ होकर  25 जुलाई तक होना निर्धारित है। इस अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस एम व वरीय पुलिस अधीक्षक  कार्तिकेय शर्मा द्वारा प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की विधान सभा परिसर में संयुक्त ब्रीफिंग की गई।वहीं वरीय अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

डीएम ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। आठ क्यूआरटी भी सक्रिय रहेगा।

डीएम व वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी  21 जुलाई  को प्रातः 09.00 बजे व आगे प्रतिदिन विधान मंडल की कार्यवाही शुरू होने के एक घण्टा पहले अपने प्रतिनियुक्ति स्थान पर निश्चित रूप से पहुँच जाएँगे। वहीं

सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी प्रत्येक दिन विधान मंडल की बैठक की समाप्ति के पश्चात ही अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल को छोड़ेंगे। डीएम ने 

  पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति विधान मंडल परिसर में प्रवेश नहीं करे। यदि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश करता है? तो उसकी सारी जवाबदेही वहाँ पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की होगी।

सचिवालय, विधान सभा व विधान परिषद क्षेत्र में बिना प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति/वाहन को प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।डीएम व वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा वरीय पदाधिकारियों के साथ विधानमंडल परिसर का भ्रमण एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।वहीं अधिकारी द्वारा इस निमित आवश्यक निर्देश दिए गये।

विधान सभा परिसर में स्थापित नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।

एसडीओ  पटना सदर द्वारा बिहार विधान मंडल की सत्रावधि में बिहार विधान मंडल परिसर एवं आस-पास के क्षेत्र में पूर्व की तरह विधि-व्यवस्था संधारण हेतु एहतियात के तौर पर भारतीय न्याय संहिता के सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत ससमय निषेधाज्ञा लागू की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर एवं पुलिस उपाधीक्षक, सचिवालय इस अवसर पर विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे।

डीएम व वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को त्रुटिरहित व  सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया ।

इस ब्रीफिंग सत्र में डीएम डॉ त्यागराजन एसएम व वरीय पुलिस अधीक्षक  कार्तिकेय शर्मा के अतिरिक्त अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था  राजेश रौशन,  अपर समाहर्ता  विशेष कार्यक्रम रवीन्द्र कुमार दिवाकर व अपर समाहर्ता, समान्य  खगेशचन्द्र झा के साथ-साथ सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *