झारखंड विधानसभा सत्र के तीसरे दिन धान खरीद, छात्रवृत्ति और कानून-व्यवस्था को लेकर एनडीए का हंगामा
गणादेश,रांची: झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को एनडीए विधायकों ने धान खरीद, छात्रवृत्ति भुगतान में देरी और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायक हाथों में तख्तियां लिए विधानसभा परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सदन के अंदर भी विपक्ष ने इन मुद्दों पर सदन की कार्यवाही रोकते हुए कड़े तेवर दिखाए। धान खरीद पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार इस बार भी किसानों से धान खरीद करने के लिए प्रतिबद्ध है और 15 दिसंबर से खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने केंद्र पर सहयोग न करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष बेवजह सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
वहीं भाजपा विधायकों ने सरकार पर जनहित के मुद्दों से भागने का आरोप लगाया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि भ्रष्टाचार, छात्रवृत्ति और धान खरीद जैसे मामलों पर सरकार चर्चा से बचती रही है। भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू और नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि किसानों और छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है और अनुपूरक बजट पर भी सरकार स्पष्ट चर्चा से कतराती है। विधायक शशि भूषण मेहता ने भी कहा कि सरकार किसी मुद्दे पर गंभीर नहीं है।
इधर सत्तापक्ष ने विपक्ष पर पलटवार किया। कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि भाजपा का मकसद जनता के मुद्दों को उठाना नहीं, बल्कि सदन के माहौल को खराब करना है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनावों में इसका जवाब देगी।



