होगी राहत की बारिश,48 घंटे में बिहार में दस्तक दे सकता है मानसून

पटना :बिहार में गर्मी और हीट वेब ने लोगों को बेहाल कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 48 घंटे में इससे राहत मिलेगी। 48 घंटे में बिहार में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, पटना में आज भी लू की स्थिति बनी रही। वहीं, रविवार दोपहर बाद जमुई में मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
रविवार को मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में बिहार के उत्तरी भागों के कई जिलों में मौसम में बारिश होने की संभावना जताई है। दूसरी तरफ पूर्वी-पश्चिमी और दक्षिणी बिहार में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर, पश्चिम बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण में एक या दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है।वहीं, उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी और शिवहर जिलों में एक-दो जगहों पर बारिश होने की संभावना है। बात करें उत्तर पूर्व बिहार की तो सुपौल, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पूर्णिया और कटिहार जिलों में एक-दो जगह पर बारिश होने की संभावना है।दक्षिण पश्चिम बिहार और दक्षिण मध्य बिहार में भी मौसम शुष्क रहने की बात सामने आ रही है। वहीं दक्षिण पूर्व बिहार के भागलपुर जिले में एक-दो जगहों पर बारिश होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग का कहना है कि पटना, सारण, शेखपुरा और औरंगाबाद जिले में लू चलेगी।वहीं दूसरी तरफ पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर ,सुपौल, अररिया, पूर्णिया, भागलपुर और कटिहार जिले में बारिश की संभावना है। किशनगंज जिले में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ-साथ भारी बारिश के आसार हैं।मौसम वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि केरला में मॉनसून पहुंच चुका है। इसके साथ ही सिक्किम के कुछ भागों में भी मॉनसून पहुंच चुका है। आने वाले 24 से 48 घंटे में बिहार के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।पिछले 24 घंटे में शेखपुरा 43.3, भोजपुर 43.3, औरंगाबाद 43.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। वहीं पटना 43.1 डिग्री, वाल्मीकि नगर 42.5 डिग्री, मोतिहारी 42.6 डिग्री, नालंदा 42.5 डिग्री, जीरादेई 42.4 डिग्री, सबौर 40 डिग्री, जमुई 41.1 डिग्री, नालंदा 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *