विकास की रफ्तार पर विधायक शुभानंद मुकेश की पैनी नजर, अधिकारियों को मिला स्पष्ट संदेश
भागलपुर। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक शुभानंद मुकेश ने विकास कार्यों को लेकर प्रशासनिक अमले के साथ सख्त तेवर दिखाए। 15 दिसंबर 2025 को जिला अतिथि गृह, भागलपुर में अपराह्न 2 बजे से आयोजित समीक्षा बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर गहन मंथन हुआ।बैठक का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विभागीय योजनाओं की वास्तविक स्थिति, उनकी प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की स्पष्ट तस्वीर प्राप्त करना था। इस मौके पर सभी कार्य विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) के अधिकारी उपस्थित रहे।विधायक शुभानंद मुकेश ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याएं, उनके समाधान और लक्ष्य प्राप्ति के लिए समयबद्ध कार्य योजना विस्तार से प्रस्तुत करें।उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़ी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने आपसी समन्वय के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगे की ठोस रणनीति तय की गई, ताकि कहलगांव विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई गति मिल सके। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य जनता के हित में हों, न कि संवेदकों के लाभ के लिए।विशेष रूप से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया गया, वहीं बुडको को कहलगांव नगर में संचालित योजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।कुल मिलाकर, बैठक में विकास को लेकर स्पष्ट दिशा, कड़ा अनुशासन और जवाबदेही का संदेश दिया गया, जिससे कहलगांव क्षेत्र के लोगों को ठोस और प्रभावी विकास की उम्मीद बंधी है।



