आभार यात्रा में जन-जन से जुड़ रहे विधायक ई शुभानंद मुकेश
भागलपुर। जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से नव निर्वाचित जेडीयू विधायक ई शुभानंद मुकेश और पीरपैंती के भाजपा विधायक मुरारी पासवान इन दिनों अपने क्षेत्र में एक विशेष ‘आभार यात्रा’ पर निकल पड़े हैं। यह यात्रा सिर्फ चुनावी औपचारिकता या धन्यवाद ज्ञापन का सिलसिला नहीं, बल्कि लोगों की धड़कनों को टटोलने और उनके जीवन की वास्तविकताओं को करीब से महसूस करने का प्रयास बन गई है। बुजुर्गों से आशीष भी ले रहे हैं।
सीएम नीतीश कुमार और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद से ही शुभानंद गांवों की मिट्टी में घुलते दिखाई दे रहे हैं तो मुरारी जन समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। मुकेश कच्ची पगडंडियों से लेकर भीड़-भाड़ वाले टोले, स्कूलों से लेकर चौपालों तक विधायक हर जगह पहुंच रहे हैं, लोगों की बात सुन रहे हैं और उनकी उम्मीदों का बोझ अपने कंधों पर महसूस कर रहे हैं।
बच्चे, युवा और बुजुर्ग हर किसी की परेशानी और उम्मीदों से रूबरू
शुभानंद की आभार यात्रा में सबसे खास बात यह है कि वे सिर्फ समर्थकों या पार्टी कार्यकर्ताओं से नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों, युवाओं और बुजुर्ग महिलाओं-पुरुषों से भी घुल-मिलकर बात कर रहे हैं। बच्चे उनसे स्कूल की सुविधाओं की बात करते हैं, युवा रोजगार और करियर की। वहीं बुजुर्ग स्वास्थ्य, सड़क और मूलभूत सेवाओं की तकलीफें साझा करते हैं।
अपने आवास से निकलने के क्रम में भी कई लोग उन्हें अपनी समस्याएं बताने लगते हैं। विधायक धैर्यपूर्वक सबकी बातें सुनते हैं और उनका प्यार-भाव तोहफे के रूप में सादगी से स्वीकार करते हैं।
रिकॉर्ड मतों से मिली जीत को ‘जनता का विश्वास’ बता रहे विधायक
विधायक शुभानंद कहते हैं – ‘एक लाख से अधिक मतदाताओं ने मुझे अपना मत देकर रिकॉर्ड 50,112 मतों से जिताकर विधानसभा भेजा है। यह जीत किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि हर जाति-धर्म के लोगों के विश्वास की जीत है। आधी आबादी यानी मेरी मां, बहनों की जीत है। मेरा कर्तव्य है कि मैं हर समर्थक और प्रत्येक चाहने वाले तक पहुंचूं और उनके सुख-दुख में साझीदार बनूं।’ वे बताते हैं कि प्रतिदिन वे करीब दर्जन भर गांव और सैकड़ों लोगों से मिल रहे हैं। हर मुलाकात नए संकल्प को जन्म दे रही है। मेरे अंदर जुझने का जलवा भर रहा है। वहीं मुरारी कहते हैं दियारा की समस्या अपार है। कटाव का तांडव विकराल है इस समस्या का हल मेरी पहली प्राथमिकता में शामिल है।
क्षेत्र के विकास पर फोकस – बिजली, पानी, सड़क और युवाओं की उम्मीदें
शुभानंद इस आभार यात्रा को विकास यात्रा का प्रारंभ मानते हैं। उनका कहना है कि गांवों में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं के साथ कई और गंभीर मुद्दे भी हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। वे विशेष रूप से युवाओं का उल्लेख करते हुए कहते हैं – ‘युवा पीढ़ी मेरी प्राथमिकता है। उनकी आंखों में सपने हैं और आसमान छूने की ललक है। उनकी आकांक्षाओं को पंख देना मेरी जिम्मेदारी है। पिछले पांच वर्षों से मैं इन्हीं नौनिहालों के भविष्य को लेकर सबसे ज्यादा सजग रहा हूं।’ विधायक ने यह भी बताया कि वे युवाओं को हमेशा प्रोत्साहित करते रहे हैं – ‘अगर किसी की पढ़ाई, करियर या किसी लक्ष्य को पूरा करने में मेरी जरूरत पड़े, तो आधी रात को भी फोन करें। मेरे दरवाजे कभी बंद नहीं होंगे। मैं तुरंत पहुंच जाऊंगा। आपकी समस्याओं का हल ढूंढने। आपकी ख्वाहिशों को पंख देने।’



