महिला उद्यमिता को नई उड़ान, JCI Ranchi Udaan के Glitz & Glam Exhibition का मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया उद्घाटन
रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शनिवार को रांची में JCI Ranchi Udaan द्वारा आयोजित Glitz & Glam Exhibition का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उनसे संवाद कर उनके उत्पादों, नवाचारों तथा उद्यमिता के अनुभवों की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी महिला उद्यमिता, स्थानीय प्रतिभा और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने उत्पादों के लिए नए बाज़ार उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि Glitz & Glam Exhibition एक प्रतिष्ठित और लंबे समय से आयोजित होने वाला आयोजन है, जिसका सफल संचालन JCI Ranchi Udaan की महिलाएं करती हैं। प्रदर्शनी में ज्वेलरी, गारमेंट्स, होम डेकोर सहित विभिन्न उत्पादों के माध्यम से महिला उद्यमियों की रचनात्मकता और नवाचार की शानदार झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लोग इस प्रदर्शनी का बेसब्री से इंतजार करते हैं और यह आयोजन स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का बेहतरीन अवसर देता है।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करेंगे और झारखंड के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उनकी भागीदारी को और मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम में JCI Ranchi Udaan की प्रेसिडेंट जेएफएम डॉ. प्रिया लखोटिया, सेक्रेटरी पूजा बुधिया, फाउंडर प्रेसिडेंट जीएफएस राखी जैन सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


