मंत्री बैद्यनाथ राम ने चंदवा और बालुमाथ का दौरा किया,कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
लातेहार: विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए राज्य के शिक्षा मंत्री सह इंडी गठबंधन प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने रविवार को चंदवा और बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया। इस क्रम में कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री ने चंदवा में गुड्डू टी स्टॉल पर रुक कर चाय की चुस्कियों का भी आनंद लिया। इस दौरान चंदवा प्रखंड क्षेत्र के इंडी गठबंधन के कार्यकर्ता वहां पर जुट गए और मंत्री का जोरदार तरीके से स्वागत किया। विधानसभा चुनाव प्रचार प्रसार के लिए चंदवा में चुनाव कार्यालय खोलने को लेकर चर्चा हुई। मंत्री ने स्थल का जायजा लिया। इसके बाद वे बालूमाथ के लिए रवाना हो गए।
बालूमाथ पहुंचने पर वहां पर भी गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जमकर स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में जिंदाबाद के लगाए। वहीं मीडिया से बात करते हुए मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं से सभी वर्गों में खुशी है। यही कारण है कि सभी फिर से हेमंत सोरेन सरकार की वापसी चाहते हैं। महिलाओं को मांईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है। सर्वजन पेंशन मिल रहा है। सभी को दो सौ यूनिट बिजली फ्री कर दिया गया है। इसके अलावा कई राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ बड़ी बड़ी बातें करना जानती है। फिर से झूठे वादे कर सत्ता में आना चाहती है। लेकिन झारखंड की जनता अब जाग चुकी है। इस बार भाजपा को यहां से निराशा हाथ लगने वाली है। इस अवसर पर सीत मोहन मुंडा,रंजीत उरांव,सुरेश गंजू, हरी भगत,मनोज भगत, डबलू प्रजापति सहित कई लोग मौजूद थे।

