उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय की हुई बैठक

खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। वर्ष 2024-25 के तहत संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं की उपलब्धियों का आकलन करते हुए उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु स्वीकृत कार्ययोजना के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया।बैठक के दौरान किसानों के प्रशिक्षण, फील्ड डेमोंस्ट्रेशन, कृषि उपकरण वितरण, बीज उत्पादन एवं वितरण, फसल विविधीकरण, महिलाओं के लिए खाद्य सुरक्षा समूह, किसान गोष्ठी, कृषक वैज्ञानिक संवाद, कृषि प्रदर्शनी एवं मेलों आदि विषयों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पारदर्शिता के साथ पहुँचे और समयबद्ध तरीके से सभी लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो।

साथ हीं जिले में अच्छी खेती के लिए किसानों को विभिन्न जिलों एवं अंतर राज्य के जिलों में प्रशिक्षण के लिए भेजने को लेकर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। जिससे किसान प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेती में नई विधि और नई तकनीक को अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण खेती कर सके।

इस अवसर पर कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण ‘आत्मा’ खूँटी एवं जिला कृषि विज्ञान केंद्र खूँटी द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किए गए “खूँटी जिले के लिए जलवायु आधारित सब्जियों तथा मोटे अनाजों की खेती” नामक पुस्तक का उपायुक्त द्वारा विमोचन किया गया। इस पुस्तक के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण जानकारी के अलावा जलवायु आधारित खेती करने में सहयोग मिलेगा।

बैठक में मुख्य रूप से परियोजना निदेशक आत्मा, डीडीएम नाबार्ड, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, कृषक प्रतिनिधि, समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *