लायंस क्लब रांची समर्पण ने मनाया महिला दिवस, ‘Your Story, Your Glory’ कार्यक्रम में महिलाओं को किया सम्मानित
गणादेश,रांची: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लायंस क्लब रांची समर्पण की ओर से “Your Story, Your Glory” शीर्षक से एक गरिमामय समारोह का आयोजन कोकर स्थित निरामया हॉस्पिटल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित करना और उनके प्रेरणादायक जीवन-सफर को मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महुआ माजी थीं। वहीं एमजेएफ लायन शुभ्रा मजूमदार (सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, डिस्ट्रिक्ट 322A), पीडीजी राजेश साहू बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर तथा श्रीमती सीमा राय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद श्रीमती पुष्पा अग्रवाल ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी।
लायंस क्लब रांची समर्पण की अध्यक्ष एमजेएफ लायन रीना अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वहीं क्लब की सचिव लायन पूनम मेवाड़ा ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका और उनके सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल के कंसल्टेंट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रणवीर सिंह राणा ने कैंसर के प्रति जागरूकता पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके बाद सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट एवं पिलेट्स इंस्ट्रक्टर डॉ. शुभलक्ष्मी खातुआ ने महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस से जुड़े विषयों पर विशेष वेलनेस सेशन आयोजित किया।
इस अवसर पर संध्या सिंह, मिस सान्वी, अंकिता कुमारी, सीता साहू और सोना मंडल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए महिलाओं के बीच “Guess the Song – Women Special” गेम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को “Your Story, Your Glory” सम्मान से सम्मानित किया गया। अंत में लायन अंजलि साहू ने धन्यवाद ज्ञापन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर क्लब के कई सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



