झारखंड यूथ कांग्रेस की कमान कुमार गौरव को, कुलदीप रवि और आशुतोष कुमार बने उपाध्यक्ष

गणादेश,रांची: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। संगठन की कमान युवा और तेज-तर्रार नेता कुमार गौरव को सौंपी गई है, जिन्हें झारखंड यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से कुलदीप रवि को वरीय उपाध्यक्ष तथा आशुतोष कुमार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इस संबंध में भारतीय राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए नई प्रदेश टीम की घोषणा की।
इस फैसले के साथ ही झारखंड यूथ कांग्रेस में लंबे समय से चल रही नेतृत्व को लेकर तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि नई टीम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और कांग्रेस की विचारधारा को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने की अपेक्षा है। साथ ही युवाओं से जुड़े रोजगार, शिक्षा, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर जोर दिया गया है।
गौरतलब है कि झारखंड यूथ कांग्रेस कमेटी में नए पदाधिकारियों की घोषणा को लेकर पहले से ही संकेत मिल रहे थे। संगठन के भीतर यह चर्चा तेज थी कि जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन होगा, जो अब औपचारिक रूप से पूरा हो चुका है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठनात्मक विस्तार को ध्यान में रखते हुए यह टीम गठित की गई है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव को संगठन में एक सक्रिय, जुझारू और संघर्षशील युवा नेता के रूप में देखा जाता है। वे पूर्व में कई आंदोलनों और कार्यक्रमों के जरिए युवाओं की आवाज बुलंद करते रहे हैं। वहीं, कुलदीप रवि और आशुतोष कुमार भी संगठनात्मक अनुभव रखते हैं और पार्टी के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका रही है, जिससे यूथ कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भारतीय राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि नई टीम के नेतृत्व में झारखंड में युवा कांग्रेस और अधिक सशक्त होगी तथा युवाओं के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत होगी। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में संगठनात्मक बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और कार्यक्रमों के माध्यम से यूथ कांग्रेस की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *