कोसी पुल हादसा: सिगमेंट की ठोकर से निर्माणाधीन हिस्से का 40 फीट टूटा

भागलपुर। जिले के गंगा पार स्थित नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत एनएच-106 पर बिहपुर से फुलौत के बीच कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसा बीते शुक्रवार की देर रात त्रिमुहान घाट के समीप हुआ, जब पुल पर भारी सिगमेंट को वोल्वो लोडर की मदद से ले जाया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, बीती रात करीब दो बजे हरिओ से फुलौत की ओर भारी सिगमेंट को ले जाते समय वोल्वो लोडर के प्रेशर पंप की पाइप फट गई। इससे लोड में झटका लगा और सिगमेंट को थामने वाली रस्सी टूट गई। एक सिगमेंट पुल पर गिर गया, जिससे पुल का लगभग 40 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में कुल पाँच सिगमेंट क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक सिगमेंट सीधे कोसी नदी में गिर गया।

गनीमत रही कि हादसे के समय कोई श्रमिक मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर पूर्व में भी एक हादसा हो चुका है।

यह पुल एनएच-106 मिसिंग लिंक परियोजना (30 किमी) के तहत बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 6.94 किमी होगी, जो बिहार का अब तक का सबसे लंबा पुल होगा। परियोजना में दोनों ओर कुल 21.988 किमी सड़क निर्माण भी शामिल है। इसकी अनुमानित लागत 996 करोड़ रुपये है और इसे वर्ष 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला वर्ष 2020 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रखी थी। पुल के बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

पुल निर्माण का कार्य मुंबई स्थित एफकॉन कंपनी को सौंपा गया है। घटना के तुरंत बाद कंपनी के इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और जांच के उपरांत क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *