शनिवार को बंद मिला खूंटी एसडीओ कार्यालय, ग्रामीण लौटे मायूस
गणादेश,खूंटी: शनिवार को खूंटी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय का मुख्य गेट बंद मिलने से दूर-दराज से आए ग्रामीणों में भारी मायूसी देखी गई। कचहरी चौक स्थित एसडीओ कार्यालय शनिवार दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच बंद पाया गया। कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लटका देख ग्रामीण हैरान और परेशान नजर आए। कई लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था कि शनिवार जैसे कार्यदिवस पर कार्यालय क्यों बंद है। कुछ ग्रामीणों ने इसे अवकाश समझा तो कुछ ने आपस में तरह-तरह की चर्चाएं कीं।
टकरा गांव से आए मंगरा पाहन और पवन तिर्की ने बताया कि वे अपने गांव की समस्याओं को लेकर एसडीओ से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि टकरा गांव स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम काफी जर्जर हो चुका है, जिसकी मरम्मत की मांग को लेकर वे कार्यालय आए थे, लेकिन कार्यालय बंद मिलने से उनकी बात नहीं हो सकी। वहीं तोरपा से आए नामद होरो ने बताया कि उन्हें जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनवाना था, लेकिन कार्यालय बंद होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब सोमवार को फिर से आना पड़ेगा।
शनिवार को कार्यालय बंद मिलने से कई अन्य ग्रामीणों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इस संबंध में जब खूंटी एसडीओ दीपेश कुमारी से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कार्यालय बंद होने की बात से इनकार किया। उन्होंने बताया कि संभव है दोपहर के समय कर्मचारी भोजन के लिए गए हों। साथ ही उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।



