अक्षरधाम की तर्ज पर सजेगा रॉक गार्डन का काली पूजा पंडाल, मां भवानी क्लब मनेगा 25वीं वर्षगांठ पर भव्य आयोजन : बलराम सिंह

गणादेश,रांची : राजधानी रांची के कांके स्थित रॉक गार्डन में इस बार काली पूजा का नजारा देखने लायक होगा। मां भवानी क्लब काली पूजा समिति ने अपनी 25वीं वर्षगांठ पर पूजा पंडाल को अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार कराने की योजना बनाई है। समिति के अध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से रॉक गार्डन में लगातार काली पूजा का आयोजन होता आ रहा है, और इस बार इसे ऐतिहासिक रूप देने की तैयारी की जा रही है।

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में समिति सदस्यों ने बताया कि पंडाल निर्माण का कार्य बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। आकर्षक लाइटिंग और सजावट से पूरा परिसर आलोकित होगा। श्रद्धालुओं के लिए भोग वितरण, अष्टजाम, जागरण और शोभा यात्रा जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी की गई है।कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से अष्टजाम का आयोजन होगा, जबकि 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि में मां काली की पूजा संपन्न की जाएगी। 21 अक्टूबर को पूजा पंडाल का उद्घाटन भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू करेंगे। 22 अक्टूबर को भोग वितरण, 23 अक्टूबर को संध्या में जागरण और 24 अक्टूबर को भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।समिति ने रांचीवासियों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होकर मां काली की आराधना करें और भक्तिमय वातावरण का आनंद उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *