केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ झामुमो उतरा सड़कों पर,किया राजभवन मार्च

सीएम हेमंत सोरेन को भाजपा मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है: बैद्यनाथ राम

रांची: केंद्र की भाजपा सरकार और ईडी के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा का सड़कों पर प्रदर्शन करने का सिलसिला जारी है। रविवार को मोरहाबादी मैदान से राजभवन तक झामुमो कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश मार्च किया। इसमें रांची,लातेहार,गुमला,लोहरदगा और कोडरमा के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित हुए।


सबसे अधिक लातेहार जिला से झामुमो कार्यकर्ता आए। करीब सैकड़ों गाड़ियों में भर कर कार्यकर्ता रांची मोरहाबादी मैदान पहुंचे थे। चारों जिले से आए हजारों झामुमो कार्यकर्ताओं ने एक स्वर से केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
झामुमो कार्यकर्ता ईडी-सीडी नहीं चलेगी,जब जब मोदी डरता है ईडी-सीडी करता है,सबसे अच्छा अपना हेमंत भैया आदि नारेबाजी करते हुए राजभवन की तरह आगे बढ़ रहे थे। राजभवन के पास जुटे हजारों झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार तरीके से नारेबाजी की।वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस बैरीकेट किया गया था। झामुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरीकेट को पार करने का प्रयास नहीं किया। शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान से राजभवन तक कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की थी। खासकर राजभवन के आगे पुलिस छावनी में तब्दील कर दी गई थी।
झामुमो कार्यकर्ताओं का नेतृत्व लातेहार से झामुमो विधायक बैद्यनाथ राम, गुमला से भूषण तिर्की ने किया। उनके साथ लातेहार जिला अध्यक्ष मोतीलाल नाथ शहदेव,रांची जिला अध्यक्ष मुस्ताक आलम,जिला परिषद बिनोद उरांव सहित कई कार्यकर्ता थे।
वहीं मीडिया से बात करते हुए झामुमो विधायक बैद्यनाथ राम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हेमंत सोरेन सरकार को अस्थिर करने के लिए लगातार साजिश रच रही है। हेमंत सोरेन सरकार के द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को पचा नहीं पा रही है। भाजपा के शीर्ष नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है।
विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार जब जब केंद्र से झारखंड का करोड़ों रुपए बकाए की मांग करती है तो केंद्र ईडी का भय दिखाकर शांत करने की कोशिश करती है। सीएम हेमंत सोरेन को ईडी के द्वार पूछताछ के लिए समन भेजती है। सीएम हेमंत सोरेन ईडी के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे चुके हैं उसके बाद भी ईडी समन भेज रही है। सीएम हेमंत सोरेन को भाजपा मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। लेकिन झामुमो का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है और हमलोग उसका जवाब देने के लिए तैयार हैं।
वहीं लातेहार जिला अध्यक्ष मोतीलाल नाथ शहदेव और रांची जिला अध्यक्ष मुश्ताक आलम ने कहा कि ईडी के समन के खिलाफ हम लोग लगातार 31 जनवरी तक सड़कों पर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने राजभवन पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा कि राजभवन भी हेमंत सरकार को सपोर्ट नहीं कर रही है। राजभवन भी भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। जनता के द्वारा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा का यह प्रेसर पॉलिटिक्स नहीं चलने वाला है। जनता सब देख रही है। आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा का पत्ता साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *