झारखंड कैबिनेट के फैसले: अटल मोहल्ला क्लीनिक का नाम अब ‘मदर टेरेसा हेल्थ क्लीनिक’, 21 अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

रांची : झारखंड सरकार ने गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 21 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इन प्रस्तावों में सबसे चर्चित फैसला ‘अटल मोहल्ला क्लीनिक’ का नाम बदलकर ‘मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक’ करने का रहा। यह निर्णय स्वास्थ्य सुविधाओं को और सशक्त करने तथा समाज में मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में उठाया गया है।
कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, वित्त, पुलिस, जेल, ग्रामीण विकास और महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।
कैबिनेट के प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:
• वीरगति को प्राप्त अर्धसैनिक बल कर्मियों के आश्रितों को विशेष अनुग्रह अनुदान और अनुकंपा नियुक्ति की मंजूरी।
• झारखंड वित्त सेवा नियमावली 2025 को स्वीकृति।
• तीन चिकित्सा पदाधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने की स्वीकृति।
• डाल्टनगंज में विशेष न्यायालय के गठन को हरी झंडी।
• राज्य पुलिस एवं अन्य सुरक्षाबलों की संयुक्त भर्ती नियमावली 2025 को मंजूरी, पूर्व के आवेदकों को आयु सीमा और शुल्क में छूट।
• राजकीय श्रावणी मेला-2025 के लिए 28 मेला ओपी और 19 यातायात ओपी के गठन की स्वीकृति।
• उर्दू शिक्षकों के 4339 नए पदों का सृजन, जिनमें इंटरमीडिएट प्रशिक्षित और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य शामिल।
• विशेष शिक्षा सहायक आचार्य की नियुक्ति नियमावली 2025 की स्वीकृति, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के लिए अहम।
• झारखंड विश्वविद्यालय विधेयक 2025 को मंजूरी।
• SAG योजना के तहत किशोरी बालिकाओं को पोषण युक्त आहार देने हेतु एजेंसियों के मनोनयन की स्वीकृति।
इन निर्णयों को राज्य के प्रशासनिक सुधार, सामाजिक कल्याण और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर व्यापक सुधारात्मक कदम उठा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *