झारखंड विधानसभा मानसून सत्र : सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 विवाद पर बवाल, विपक्ष-सत्तापक्ष आमने-सामने

रांची : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन सोमवार को जोरदार हंगामे के बीच गुजरा। सत्र की शुरुआत से पहले ही विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 से जुड़े विवादों को लेकर विपक्षी विधायक हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार को घेरने का प्रयास तेज कर दिया। प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी विधायक वेल में उतर आए और लगातार नारेबाजी करते रहे। विपक्ष का आरोप था कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर की घटना पर सरकार चुप्पी साधे हुए है और रिम्स-2 की भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है।

विपक्ष के तेवर देखते ही सत्ता पक्ष के विधायक भी वेल में पहुंच गए। इसके बाद सदन का माहौल और गरमा गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से नारेबाजी तेज हो गई, जिससे कार्यवाही बाधित हो गई। शोर-शराबे के बीच सदन चलाना मुश्किल हो गया और विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही 12:30 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। दूसरी पाली में भी सदन में विपक्षी विधायकों के हंगामा के कारण स्पीकर रबिन्द्रनाथ महतो ने सदन की कार्रवाई मंगलवार 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मानसून सत्र और भी गरम हो सकता है। विपक्ष सरकार पर लगातार दबाव बनाने की रणनीति में है, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष को जवाबी हमले से घेरने की तैयारी में दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *