झारखंड के गौरवशाली इतिहास, गुमनाम क्रांतिकारियों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी पर: सुदेश महतो

रांची: क्रांतिकारियों की माटी झारखंड ने असंख्य वीर शहीदों को जन्म दिया, जिन्होंने इस माटी के मान, सम्मान एवं स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया। लेकिन इतिहासकारों ने झारखंड के महानायकों को इतिहास के पन्नों में वह जगह नहीं दिया, जिसके वे असली हकदार थे। झारखंड की गौरवशाली इतिहास, वैभवशाली संस्कृति तथा गुमनाम क्रांतिकारियों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी पर है। युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से सीखने की जरुरत है।

देश की स्वतंत्रता, एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले झारखंड के वीर सपूतों की संघर्ष गाथा को जन-जन तक पहुंचाने हेतु हम संकल्पबद्ध हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी है। इसी क्रम में आज वीर शहीद जीतराम बेदिया जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है।

उक्त बातें झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो ने शहीद जीतराम बेदिया के बलिदान दिवस पर बरवादाग, जोन्हा में उनकी प्रतिमा अनावरण कर, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि झारखण्ड के वीर सपूत शहीद जीतराम बेदिया ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन को जो बिगुल फूंका, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश ऋणी है उन क्रांतिवीरों का जिन्होंने देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। युवाओं को वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राज्य और देश निर्माण में योगदान देना चाहिए तथा इतिहास पुनर्लेखन हेतु आगे आना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें झारखण्ड के महानायकों एवं उनके विचारों को समझना होगा, नीति-निर्णयों में शामिल करना होगा। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में आजसु के केन्द्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, जिप सदस्य राजेन्द्र शाही मुंडा, संजय महतो, जैलेन्द्र कुमार, रामधन बेदिया, दिलीप बेदिया, रौशन मुंडा, जलनाथ चौधरी, विरेंद्र सिंह भोगता, आतिश महतो, कामेश्वर महतो, मुखिया मंजोती देवी, सारथी देवी, सुमित्रा देवी, प्रतिमा निर्माण समिति के अध्यक्ष बुधराम बेदिया, शंकर बेदिया, पंसस दिलीप बेदिया, सरणी देवी, पारसनाथ उरांव, रामकिशोर बेदिया, मनोज बेदिया, सोमरा बेदिया, सिल्ली प्रमुख जितेंद्र बड़ाईक, महेश बेदिया सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *