खौफ के साए में हथियार लहराता ‘हगला’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, अवैध कट्टा व गोली बरामद

भागलपुर। विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भागलपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपना शिकंजा कस दिया है। इसी अभियान के तहत जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जहां कुख्यात अपराधी शशी शर्मा उर्फ हगला को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।

दरअसल, 2 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शैलेन्द्रा दुर्गा स्थान के पास शशी शर्मा लोगों को हथियार दिखाकर धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए गश्ती दल को मौके पर भेजा। पुलिस उप-निरीक्षक सत्येन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शशी शर्मा को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा (315 बोर), एक जिंदा गोली, और एक पिस्टल (0.32 बोर) की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि अपराधियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, शशी शर्मा का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है: कांड संख्या – 401/16 (दिनांक: 18/11/2016),धारा: 25 (1-b)a/26, आर्म्स एक्ट। कांड संख्या – 594/20 (दिनांक: 27/09/2020), धारा: 25(1-b)a/26/35, आर्म्स एक्ट। कांड संख्या – 449/14 (दिनांक: 24/09/2014), धारा: 341/323/324/307/386/387/506, भा.द.वि.। कांड संख्या – 263/19 (दिनांक: 26/04/2019),धारा: 149/353/307/341/427, भा.द.वि.

छापामारी टीम में पु.अ.नि. सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, सुबोध कुमार सिंह, शिव कुमार मंडल, आकाश कुमार, अजीत कुमार, निवास चौधरी शामिल रहे।

एसएसपी भागलपुर ने बताया कि चुनाव से पहले अपराधियों पर नकेल कसने का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर शांति-व्यवस्था को भंग नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *