ई-गवर्नेंस एवं टेलीकॉम समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी खूंटी एवं जिला टेलीकॉम कमेटी खूंटी की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में झारसेवा, भारत नेट, मोबाइल नेटवर्क, आधार एवं सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि झारसेवा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा बिना ठोस कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जाति, आवासीय, मैरेज सर्टिफिकेट समेत अन्य प्रमाण पत्रों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आम नागरिकों को देने एवं उन्हें जागरूक करने पर बल दिया।
भारत नेट परियोजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पंचायत भवनों में भारत नेट कनेक्टिविटी का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भारत नेट के नियमित रिचार्ज तथा ऑप्टिकल फाइबर केबल के क्षतिग्रस्त हिस्सों को शीघ्र दुरुस्त कराने हेतु JCNL रांची से समन्वय बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
सीएससी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने उनके बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि नागरिकों को सभी सुविधाएं सरल एवं पारदर्शी रूप में उपलब्ध हों।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, सीएससी मैनेजर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



