साइकिल से विधानसभा पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, लोगों से स्वस्थ रहने की अपील

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। मंत्री के इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम लोगों में भी चर्चा रही। विधानसभा परिसर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि साइकिल से आने का उद्देश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।
इरफान अंसारी ने कहा कि आज के समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में साइकिल एक बेहतर और सस्ता विकल्प भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में साइकिल चलाने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए नियमित व्यायाम और साइकिल चलाना बेहद लाभकारी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बुधवार को विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग के बजट पर भी चर्चा होनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सदन में सकारात्मक चर्चा होगी और राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
इस दौरान मंत्री ने देश की मौजूदा परिस्थितियों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आज महंगाई लगातार बढ़ रही है और एलपीजी सहित कई आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता, खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बीजेपी पर निशाना साधते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि रामनवमी के दौरान डीजे बजाने के मुद्दे पर बीजेपी का धरना महज एक राजनीतिक नाटक है। उन्होंने कहा कि यह देश सभी धर्मों के लोगों का है और समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *