गंगा में मिली महिला का हत्यारा उसका होमगार्ड पति निकला, जवान सहित चार गिरफ्तार
भागलपुर। जिले के पीरपैंती स्थित गंगा नदी में मिली दो लाशों की गुत्थी पुलिस टीम ने सुलझा ली है। जांच में पता चला कि महिला की हत्या उसके पति, होमगार्ड जवान भिखारी सिंह ने घरेलू विवाद के बाद कर दी थी। घटना के वक्त आरोपी पति नशे में धुत था। पुलिस ने उसे ड्यूटी के दौरान साहिबगंज से गिरफ्तार कर लिया। इस हत्या में शामिल तीन अन्य सहयोगी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। शव को गंगा घाट तक ले जाने में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है।
कहलगांव के एसडीपीओ – 2 अरुण गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक और एक महिला का शव गंगा नदी में बहता हुआ भवानीपुर, जिला कटिहार थाना क्षेत्र में मिला है। पुलिस द्वारा सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के क्रम में युवक की पहचान बंटी कुमार सिंह (पिता: बमशंकर सिंह, सा. परशुरामपुर, थाना पीरपैंती) के रूप में हुई। मृतक बंटी कुमार सिंह (उम्र 21 वर्ष) की गुमशुदगी से संबंधित मामला पीरपैंती थाना में पंजीकृत है। वहीं महिला की पहचान उमा देवी पति भिखारी सिंह, ग्राम बाखरपुर के रूप में की गई।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि भिखारी सिंह (पिता: भरत सिंह, सा. बाखरपुर पूर्वी, थाना बाखरपुर, जिला भागलपुर) ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने सहयोगियों - धर्मराज सिंह (चौखण्डी), बंटी सिंह (परशुरामपुर) और राजेश यादव उर्फ लंगड़ा (मोहनपुर गोविंदपुर) के साथ मिलकर शव को गंगा नदी में फेंकने की योजना बनाई। शव को ठिकाने लगाने के क्रम में जब वे नाव के सहारे गंगा नदी में गए, तो नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस कारण बंटी सिंह की डूबने से मौत हो गई।
इस घटना के संबंध में बाखरपुर थाना कांड सं. 40/25, 13 जून को प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। आगे की जांच के क्रम में चार अभियुक्तों भिखारी सिंह, धर्मराज सिंह, राजेश यादव उर्फ लंगड़ा और लालबिहारी यादव उर्फ लालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को भी बरामद कर लिया गया है। मुख्य अभियुक्त भिखारी सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अन्य दो फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अन्य उलझी गुत्थी भी सुलझा ली जाएगी।

