बैटरी चोरी के चार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा,चोरी की बैटरी बरामद
खूंटी : जिले में बैटरी चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो के निर्देश पर तोरपा अंचल पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित छापामारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की कुल 31 बैटरियां, घटना में प्रयुक्त वाहन व औजार बरामद किए गए हैं।

फोटो कैप्शन: चोरी की बैटरी
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि वाहन संख्या JH-05L-5100 चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त हो रहा था। वाहन का सत्यापन करने पर यह जानकारी मिली कि फिलहाल इसे कांटाटोली, ओल्ड एच.बी. रोड, रांची निवासी शहादत अहमद उर्फ साहिल चला रहा है। पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर वाहन से चोरी की गई 19 बैटरियां बरामद हुईं। आगे की कार्रवाई में उसके साथी मो. मिन्हाज अंसारी और मो. अकबर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर दीपाटोली, बांधगाड़ी स्थित कबाड़ी दुकान से 12 और बैटरियां जब्त की गईं। दुकान संचालक धन प्रकाश साह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार चारों आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकार किए हैं। इनके खिलाफ जरियागढ़, तोरपा, मुरहू और खूंटी थाना क्षेत्रों में हाल ही में कई कांड दर्ज किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मिन्हाज अंसारी और अकबर कुरैशी पूर्व में भी रांची के सदर, लालपुर, नगड़ी और बरियातू थाना क्षेत्रों में चैन छिनतई, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
छापेमारी में पुलिस ने चोरी की गई बैटरियों के अलावा मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार (JH-05L-5100) और बैटरी खोलने के उपकरण भी जब्त किए। पुलिस अधीक्षक ने छापेमारी दल की सराहना की और कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।



