रांची शहर कचरे और खराब लाइट की समस्या से जूझ रहा, पूर्व पार्षदों ने प्रशासक से की मुलाकात
रांची: राजधानी रांची की साफ-सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 13 सितंबर को रांची नगर निगम के लगभग 11 निवर्तमान पार्षदों ने निगम प्रशासक से मुलाकात कर शहर की गंभीर समस्याओं पर चिंता जताई।
पूर्व पार्षदों ने कहा कि शहर जगह-जगह कचरे के ढेर से पटा पड़ा है। बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण आमजन को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, निगम क्षेत्र में हजारों स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं, जिसकी वजह से रात के समय मोहल्लों और सड़कों पर अंधेरा रहता है। इस कारण लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
बैठक में प्रशासक ने पार्षदों को भरोसा दिलाया कि निगम द्वारा सफाई व्यवस्था सुधारने और खराब लाइटों की मरम्मत के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए निगम स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही शहरवासियों को राहत महसूस होगी।
मुलाकात करने वाले पूर्व पार्षदों में अरुण कुमार झा, सुनील कुमार यादव, ओमप्रकाश, सुजाता कश्यप, सविता कुजूर, झाड़ी लिंडा, साजदा खातून, वीणा अग्रवाल, विजय लक्ष्मी सोनी, पुष्पा टोप्पो और बसंती लकड़ा शामिल थे।



