किसानों को जीएसटी कटौती का लाभ मिले : आनंद कोठारी की राज्य सरकार से अपील

रांची : झारखंड एग्रो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद कोठारी ने राज्य सरकार से किसानों के हित में तत्काल पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार 22 सितंबर से ट्रैक्टर, पम्पसेट, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई उपकरण, स्प्रेयर सहित अनेक कृषि उपकरणों पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।
श्री कोठारी ने बताया कि वर्तमान में कृषि विभाग द्वारा इन उपकरणों का अनुदान पर वितरण तय दरों के आधार पर किया जा रहा है। लेकिन नई जीएसटी दर लागू होने से इनकी कीमत 7 से 13 प्रतिशत तक कम हो जाएगी। ऐसे में किसानों को सस्ती दर का लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विभाग को मौजूदा दरों पर वितरण तत्काल रोक देना चाहिए और 22 सितंबर के बाद नई निविदा आमंत्रित कर संशोधित दर तय करनी चाहिए। इससे न केवल कीमतों में कमी आएगी बल्कि निर्धारित बजट से अधिक संख्या में ट्रैक्टर व कृषि उपकरण वितरित किए जा सकेंगे। इसका सीधा लाभ राज्य के अधिक किसानों को मिलेगा।
आनंद कोठारी ने राज्य की कृषि मंत्री नेहा तिर्की और कृषि सचिव से आग्रह किया कि किसानों के हित में इस पर त्वरित कार्रवाई करें, ताकि सस्ती दर पर कृषि उपकरण उपलब्ध हो सकें और किसान वास्तविक लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *