धान खरीद बंद रहने से किसान बेहाल, अनीता देवी ने त्वरित कार्रवाई की उठाई मांग
रांची :पूरे पलामू प्रमंडल में सरकार द्वारा निर्धारित लैम्पस एवं पैक्स केंद्रों पर 3 जनवरी से धान की खरीद बंद रहने के कारण क्षेत्र के किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। सरकारी खरीद ठप होने से किसानों को अपने धान का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और वे मजबूरी में बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचने को विवश हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर किसानों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। किसानों ने बताया कि न तो धान खरीद शुरू होने की कोई स्पष्ट जानकारी मिल रही है और न ही किसी तरह का आधिकारिक संदेश (मैसेज) किसानों तक पहुंच रहा है, जिससे भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनीता देवी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्थिति सरकार की मंशा के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों से धान की सरकारी खरीद अविलंब शुरू की जानी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
अनीता देवी ने कहा,
“धान की खरीद बंद रहने से किसानों का खुलेआम शोषण हो रहा है। बिचौलिये हावी हो गए हैं और किसान अपने ही पसीने की फसल का सही दाम पाने से वंचित हैं। यह अत्यंत चिंताजनक और अस्वीकार्य स्थिति है।”
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि—
✔️ लैम्पस एवं पैक्स केंद्रों पर धान खरीद तत्काल शुरू की जाए
✔️ बिचौलियों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए
✔️ धान खरीद से संबंधित सही, स्पष्ट और समयबद्ध जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाए
अनीता देवी ने कहा कि जब तक किसानों को उनका वाजिब हक नहीं मिलेगा, तब तक वे इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाती रहेंगी और प्रशासन पर दबाव बनाए रखेंगी, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।



