नुक्कड़ नाटक समेत अन्य माध्यमों से किसानों एवं स्थानीय लोगों को किया जा रहा जागरूक
खूँटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा के नेतृत्व में खूँटी जिला प्रशासन द्वारा अवैध अफीम की खेती के उन्मूलन के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले के कर्रा समेत अन्य प्रखंडों में अवैध अफीम की फसलों को ट्रैक्टर के माध्यम से नष्ट किया जा रहा है, ताकि इस अवैध गतिविधि पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जा सके। वहीं मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
इसके साथ ही, अड़की समेत अन्य प्रखंड के किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा मूंग बीज समेत अन्य बीजों का वितरण किया जा रहा है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें वैध एवं लाभकारी कृषि कार्यों से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है।
जन-जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए किसानों और स्थानीय निवासियों को अफीम के दुष्प्रभाव के साथ साथ वैकल्पिक खेती के लाभों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। खूँटी बाजार, मारंगहदा समेत अन्य क्षेत्रों एवं विभिन्न प्रखंडों में यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को जागरूक किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध अफीम की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि वे वैकल्पिक फसलों की ओर बढ़ें और प्रशासन द्वारा दी जा रही सहायता का लाभ उठाएं।

