फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, व्यापार जगत के हित में ठोस कदमों पर जोर
गणादेश,रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की दूसरी बैठक अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में चैंबर भवन में संपन्न हुई। बैठक में अध्यक्ष ने चुनाव में मिले व्यापक समर्थन के लिए सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि चैंबर संवाद, समन्वय और सहयोग की भावना से व्यापार और उद्योग जगत के हित में कार्य करेगा।
बैठक में चैंबर की वर्षभर की गतिविधियों के संचालन हेतु 64 उप समितियों का गठन किया गया। सदस्यों ने राज्य में औद्योगिकीकरण को गति देने, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने, एमएसएमई सेक्टर को समर्थन और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर बल दिया।
चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि संगठन ने पथ कर नियमावली पर आपत्ति, कृषि मंडियों के आधुनिकीकरण और व्यापारिक सुरक्षा को लेकर राज्यस्तरीय पहल की है। बैठक में दुमका, पाकुड़ और साहेबगंज से रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।
बैठक के अंत में चुनाव समिति द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा चुनाव में सहयोग करने वाले सीए एसोसिएशन के सदस्यों को सम्मानित किया गया।



